
आदिवासी जन जागरण विकास मंच सामरी पाठ के नेतृत्व में हाईस्कूल सामरी एवं डूमरखोली-धंधिया माइंस में मनाया गया संविधान दिवस, खसरु राम बुनकर की रही अहम भूमिका
अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी । संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को सामरी क्षेत्र में आदिवासी जन जागरण विकास मंच, सामरी पाठ के नेतृत्व में हाईस्कूल सामरी एवं डूमरखोली-धंधिया माइंस में कार्यक्रम आयोजित कर संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान ‘जय संविधान, जय भारत’ के नारों से क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के साथ संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संविधान की मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों को समाज के विकास का आधार बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा के बिना संभव नहीं है। शिक्षा से ही नई पीढ़ी अपने अधिकारों को समझ सकती है और समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ सकती है। वहीं बेहतर स्वास्थ्य और नशामुक्त वातावरण एक सशक्त एवं खुशहाल समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं।
इस दौरान शिक्षा को प्राथमिकता देने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही आदिवासी समाज में सामाजिक एकजुटता, जागरूकता और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजगता बढ़ाने पर जोर दिया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल संविधान दिवस मनाना नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को व्यवहार में उतारते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में पहल करना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खसरु राम बुनकर ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके प्रयासों और सक्रिय सहभागिता से आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर बाघू बिरिजिया, कमलेश्वर नगेसिया, गोले राम नगेसिया, नन्द पाल राम एवं जय प्रकाश नगेसिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक एकता और शिक्षित, स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।











