रायपुर : महानदी किनारे महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

श्मशान घाट के पास मिला था महिला का शव

मामला आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव स्थित श्मशान घाट का है। 13 जुलाई 2026 को महानदी किनारे एक महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतका की पहचान रूकमणी सोनवानी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे।

48 घंटे की जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

शक बना हत्या की वजह

पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है और वर्तमान में पिथौरा के मुढीपार क्षेत्र में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका पिछले 6 से 7 वर्षों से रूकमणी सोनवानी के साथ संबंध था।पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात आरोपी ने महिला को किसी अन्य व्यक्ति के साथ देखा। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया।

हत्या के बाद शव को नदी किनारे फेंकने का आरोप

जांच में पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और धारदार कड़े सहित अन्य तरीके से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को महानदी किनारे श्मशान घाट के पास फेंक दिया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!