अंबिकापुर: सरगुजा जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतिका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के ग्राम कुरहटेपना बगीचा निवासी कैलाश राम ने 19 मई 2026 को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी चचेरी बहन सुखमनिया ट्रांसपोर्ट नगर में अपने पति जमुना चिकवा के साथ रहती थी। पड़ोसियों से महिला की मौत की सूचना मिलने पर वह अंबिकापुर पहुंचा, जहां उसने सुखमनिया के पैर, कमर और पीठ पर डंडे से चोट के निशान देखे। इसके बाद उसने अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मणिपुर में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के मार्गदर्शन में थाना मणिपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर जमुना चिकवा को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी जमुना चिकवा (35 वर्ष) निवासी कुमनसिया चौकी केरजू थाना सीतापुर, हाल मुकाम कदमपारा ट्रांसपोर्ट नगर मणिपुर जिला सरगुजा को 20 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी सहित थाना मणिपुर एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!