
बालोद: दल्लीराजहरा स्थित शासकीय आईटीआई में छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि संस्थान के शिक्षक फलिन साहू ने पांच छात्रों के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। घटना में कुछ छात्रों को चोट आने की बात सामने आई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के परिजन आईटीआई पहुंचे और विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि विश्वकर्मा पूजा के कार्यक्रम को लेकर आईटीआई में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मिलकर भोजन तैयार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान छात्र गजेंद्र साहू क्लास रूम में पानी पीने गया। आरोप है कि शिक्षक ने उसे काम छोड़कर घूमने की बात कहते हुए उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
बीच-बचाव करने पहुंचे चार छात्रों से भी मारपीट का आरोप
गजेंद्र साहू के साथ कथित मारपीट देखकर कुछ छात्र बीच-बचाव के लिए पहुंचे। छात्रों का आरोप है कि शिक्षक ने उनके साथ भी मारपीट की। इस मामले में नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत की गई है।
छात्रों की ओर से आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने पांचों छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के बाद छात्रों ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन आईटीआई पहुंचे और वहां विरोध जताया।
SDM और पुलिस अधिकारियों ने संभाला मामला
विवाद की सूचना प्रशासन और पुलिस को मिलने के बाद एसडीएम समेत पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद छात्रों ने दल्लीराजहरा थाने में शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज
छात्रों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक फलिन साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।




















