कोरिया: कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पटना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। प्रार्थिया की रिपोर्ट के आधार पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 167/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 123, 85, 351(2) और 296 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र घसिया, पिता स्वर्गीय कवल साय, निवासी ग्राम रूनियाडीह, थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर ने महिला के साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के सिर के बाल कैंची और ब्लेड से काटकर उसे अपमानित किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा किया गया यह कृत्य अत्यंत आपत्तिजनक, अमानवीय और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है।
शिकायत मिलते ही थाना पटना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर घेराबंदी कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर जिला पुलिस संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!