
सूरजपुर: वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए रामानुजनगर वनपरिक्षेत्र में एक बोलेरो वाहन समेत खम्हार प्रजाति का 2 नग चिरान काष्ठ जब्त किया है। मामले में वन विभाग ने वन अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वनमण्डलाधिकारी विपुल अग्रवाल के निर्देशन तथा वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजनगर के निर्देश पर वन क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। इसी दौरान उपपरिक्षेत्र परशुरामपुर अंतर्गत परिसर परशुरामपुर के वनभूमि कक्ष क्रमांक 1824 स्थित कुमेली वाटर फाल क्षेत्र में वनकर्मियों को एक काले रंग की बोलेरो वाहन संदिग्ध अवस्था में पार्क दिखाई दिया। वाहन की खिड़कियों पर काले रंग की फिल्म लगी हुई थी।संदेह होने पर वनकर्मियों ने वाहन चालक को बुलाकर वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में केवल चालक के बैठने के लिए सीट होना पाया गया, जबकि अन्य सीटें मौजूद नहीं थीं। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें खम्हार प्रजाति का चिरान काष्ठ 2 नग लोड मिला।वन विभाग के अनुसार वाहन चालक से उक्त काष्ठ के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन चालक द्वारा किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने काष्ठ को जब्त करते हुए बोलेरो वाहन को भी जप्त कर लिया।मामले में भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग द्वारा अवैध कटाई एवं वन उपज के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
कार्रवाई के दौरान उपवनक्षेत्रपाल के.आर. टोप्पो, वनपाल मनरंजन सिंह, वनरक्षक प्रदीप सिंह, वनरक्षक रविशंकर सिंह सहित वन सुरक्षा श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















