
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के रसूलपुर में किराए का मकान देखने के बहाने घर में घुसकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर जानलेवा हमला करने और इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले में सरगुजा पुलिस ने चौथे आरोपी को झारखंड के पलामू जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता (25), निवासी खुटार खुर्द, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को उसके ठिकाने चैनपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया।
तलाक के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर स्थित सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। तीनों वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से उन पर गंभीर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वसीरुद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
प्रार्थिया ने पुलिस को बताया था कि उसका पति नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर प्रार्थिया और उसके मायके के परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 के तहत मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई।
पहले तीन आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी और चेकिंग भी कराई गई।
पुलिस ने पूर्व में मामले में शामिल नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा था। अब चौथे आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता की गिरफ्तारी की गई है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात के दौरान पहने कपड़े रास्ते में फेंकने की बात बताई है, हालांकि वह कपड़े कहां फेंके गए, इसकी जानकारी नहीं दे सका। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह सहित कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।




















