अंबिकापुर:  सरगुजा पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने Bitget Wallet (LGNS) नामक क्रिप्टो प्लेटफॉर्म में निवेश कराने और एक साल में 10 हजार रुपये को एक लाख रुपये बनाने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रोजेक्टर, मोबाइल, स्पीकर, डायरी समेत अन्य सामग्री जब्त की है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव ने मणीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गांव के त्रिपाल टोप्पो ने उसे ऑनलाइन शेयर मार्केट और क्रिप्टो निवेश से अधिक लाभ होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसकी मुलाकात उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से कराई गई, जिसने Bitget Wallet (LGNS) ऐप में निवेश करने पर भारी मुनाफे का दावा किया।शिकायतकर्ता 19 जुलाई को अंबिकापुर के होटल फिल आनंदम में आयोजित एक सेमिनार में पहुंचा, जहां प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से लोगों को क्रिप्टो निवेश की ट्रेनिंग दी जा रही थी। सेमिनार में दावा किया गया कि 12 स्तर पूरे करने पर बिना किसी मेहनत के लगातार आय होती रहेगी। इसी दौरान शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये नगद लेकर एक वर्ष में एक लाख रुपये मिलने का लालच दिया गया।
शिकायत के आधार पर थाना मणीपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने कांता प्रसाद राजवाड़े, राजकुमार पैकरा, जीवन साय टोप्पो, फिरोज लकड़ा और मुकेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें बिलासपुर निवासी त्रिभुवन साहू और रमाशंकर साहू ने इस क्रिप्टो नेटवर्क से जोड़ा था तथा वे कई स्थानों पर इसी तरह के सेमिनार आयोजित कर नए निवेशक जोड़ते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रोजेक्टर, मोबाइल फोन, स्पीकर, डायरी, नोटबुक और सेमिनार में इस्तेमाल की गई टी-शर्ट जब्त की है। जांच में यह भी सामने आया कि इस नेटवर्क का प्रचार-प्रसार छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों तक किया जा रहा था।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणीपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी अनजान या भ्रामक क्रिप्टो ऐप अथवा निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!