

सूरजपुर: नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आदतन आरोपी विकास राव को 3 माह की जेल की सजा सुनाई गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार झा के कड़े निर्देश और ड्रग पैडलर्स के खिलाफ विशेष अभियान के चलते पुलिस ने एनडीपीएस मामलों में लगातार संलिप्त आरोपियों पर निगरानी तेज कर दी है। वहीं प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में आदतन अपराधियों के खिलाफ पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण तैयार कर कार्रवाई की जा रही है।इसी क्रम में आरोपी विकास राव पिता के. सत्यनारायण राव निवासी शिवनंदनपुर, थाना विश्रामपुर के खिलाफ तैयार प्रकरण को सरगुजा संभाग कमिश्नर कोर्ट में प्रस्तुत किया गया था। मामले की सुनवाई करते हुए नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने 29 अप्रैल 2026 को फैसला सुनाया। अदालत ने पीट एनडीपीएस एक्ट 1988 की धारा 3 सहपठित धारा 10 के तहत आरोपी को 3 माह की जेल की सजा दी।आदेश जारी होते ही सूरजपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

































