
रायपुर: दुर्गा महाविद्यालय एवं शासकीय एसजीएस कन्या महाविद्यालय, रायपुर के मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत मनसा कॉलेज, कुरुद, भिलाई का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को मनोविज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की विभिन्न गतिविधियों से रूबरू होने तथा मनोवैज्ञानिक सिद्धांतों को व्यवहारिक प्रयोगों के माध्यम से समझने का अवसर मिला।
इस शैक्षणिक भ्रमण में दुर्गा महाविद्यालय के मनोविज्ञान पंचम सेमेस्टर के 30 छात्राएं एवं 20 छात्र तथा शासकीय एसजीएस कन्या महाविद्यालय की 20 छात्राएं शामिल हुईं। विद्यार्थियों का दल सुबह 9 बजे डॉ. अंजना पुरोहित (विभागाध्यक्ष), डॉ. वैशाली गौतम हिरवे, डॉ. शकुंतला दुल्हानी (विभागाध्यक्ष), स्क्वाड्रन लीडर डॉ. विजय कुमार चौबे एवं डॉ. लोकेश्वर प्रसाद सिन्हा के मार्गदर्शन में मनसा कॉलेज पहुंचा।महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. मेजर सिंह ने विभिन्न व्यवहारिक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया कि शारीरिक गतिविधियां व्यक्ति के स्वभाव, व्यवहार एवं मनोवैज्ञानिक स्थिति को किस प्रकार प्रभावित करती हैं। वहीं मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष सुषमा कोल्हे ने मनोवैज्ञानिक प्रयोगों पर आधारित प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। शारीरिक शिक्षा विभाग की मौसमी ठाकुर ने पीपीटी के माध्यम से मनोवैज्ञानिक परिवर्तनों एवं उनके प्रभावों को विस्तार से समझाया।
इस कार्यक्रम में मनसा कॉलेज के डायरेक्टर संजीव सक्सेना की गरिमामयी उपस्थिति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रही। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमिता सक्सेना ने स्वागत उद्बोधन में आपसी भावनाओं को समझने, आत्मीयता विकसित करने तथा स्नेहपूर्ण व्यवहार अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल एवं गतिविधियों में भाग लेकर एकाग्रता, आपसी सहयोग, साहचर्य और उत्साह बनाए रखने के गुर सीखे। पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न महाविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, ज्ञान, शिक्षण पद्धतियों एवं परंपराओं से परिचित कराने तथा उत्कृष्ट प्रयोगों और अनुभवों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण को विशेष महत्व दिया गया है।मनसा महाविद्यालय के आतिथ्य एवं आत्मीय व्यवहार की सभी विद्यार्थियों ने सराहना की और महाविद्यालय परिवार को रायपुर आने का आमंत्रण दिया। भ्रमण के दौरान डॉ. वी.के. चौबे एवं डॉ. लोकेश्वर सिन्हा ने मेंटर के रूप में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरे कार्यक्रम का सफल नेतृत्व किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, अनुभवात्मक एवं यादगार रहा। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ मनोविज्ञान के व्यावहारिक पक्ष को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ।











