

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई करीब 50 हजार रुपये कीमत की होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार बाबूपारा निवासी गंगा प्रसाद बंजारे ने थाना मणीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई की रात वह ड्यूटी के लिए जिला अस्पताल अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG-09-JE-7588) से गया था। अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा करने के बाद ड्यूटी पूरी कर लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर थाना मणीपुर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुखबिर की सूचना पर समीर अंसारी उर्फ गजनी (22 वर्ष), निवासी नवागढ़, अंबिकापुरको हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश की जा रही थी और वाहन को मठपारा के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। जांच में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और आगजनी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में थाना मणीपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी सहित थाना मणीपुर की टीम की सक्रिय भूमिका रही।











