

छत्तीसगढ़ : में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोंडागांव, सूरजपुर और जगदलपुर में अलग अलग सड़क हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं में 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
NH 30 पर दर्दनाक टक्कर, माजदा और ट्रक की भिड़ंत में 2 की मौत
कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे 30 पर तेज रफ्तार ट्रक और माजदा वाहन के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि माजदा में सवार मजदूर वाहन में ही फंस गए। इस घटना में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया और फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सूरजपुर में खड़ी ट्रक से टकराई यात्री बस, कई घायल
सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में अंबिकापुर से बिहार जा रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में अफरा तफरी मच गई।
इस हादसे में करीब 12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जगदलपुर में पलटा हाईवा, सीआरपीएफ जवानों ने बचाई जान
जगदलपुर के पुसपाल घाट में गिट्टी से भरा तेज रफ्तार हाईवा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समेत 3 लोग वाहन के अंदर फंस गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सीआरपीएफ 188 बटालियन के जवानों ने राहत कार्य शुरू किया और फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। समय पर मदद मिलने से बड़ी अनहोनी टल गई।
तेज रफ्तार बनी हादसों की बड़ी वजह, जांच जारी
इन तीनों घटनाओं में तेज रफ्तार और लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

































