जशपुर: नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने थाना पत्थलगांव क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की है। पुलिस ने 27.300 लीटर अंग्रेजी एवं देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 16,440 रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 14 MU 1427) भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना बाइक से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखी बोरी और झोले से कुल 114 नग अंग्रेजी व देसी शराब बरामद हुई, जिसमें मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की, सिंबा बीयर, मुडोफ व्हिस्की, गोल्डन गोवा व्हिस्की और देसी प्लेन मदिरा शामिल है। कुल शराब की मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर पाई गई।शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2)के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक तथा आरक्षक राजेंद्र रात्रे और विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!