

अंबिकापुर: जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने लंबे समय से निगरानी में चल रही महिला आरोपी आशा पांडेय के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया है।
छिपाने की कोशिश के दौरान पकड़ी गई आरोपी
जानकारी के अनुसार, जैसे ही आबकारी विभाग की टीम आरोपी के घर पहुंची, उसने नशीले इंजेक्शन छिपाने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद महिला जवान की सतर्कता से आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 28 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इनमें 19 रेक्सो जेसिक और 9 एविल इंजेक्शन शामिल हैं।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर एनडीपीएस एक्ट में केस
आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बरामद इंजेक्शनों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पहले भी तस्करी मामले में जा चुकी है जेल
बताया जा रहा है कि आशा पांडेय पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुकी है। विभाग के अनुसार, वह लंबे समय से निगरानी सूची में थी।गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी रहेगी
आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और आने वाले समय में भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।











