अंबिकापुर। अंबिकापुर शहर के शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या महाविद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर डॉ. चंद्र किशोर कौशल ने एक छात्रा को व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो, आपत्तिजनक शब्द और अभद्र गालियां भेजीं। पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया है कि प्रोफेसर उसे अक्टूबर-नवंबर 2025 से लगातार परेशान कर रहा था, जब वह कॉलेज में एडमिशन के लिए गई थी।

लगातार मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर छात्रा ने 27 फरवरी 2026 को कॉलेज के प्राचार्य को सभी अश्लील मैसेज दिखाए। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 मार्च 2026 को पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की।

इस मामले में आरोपी प्रोफेसर ने अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां भी उसे राहत नहीं मिली। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा की बेंच ने मामले की गंभीरता और जांच की स्थिति को देखते हुए जमानत याचिका को खारिज कर दिया।

राज्य शासन की ओर से भी आरोपी की जमानत का कड़ा विरोध किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!