बलरामपुर/राजपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 में पेंच रिपेयरिंग कार्य की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाई गई जनहित की मांग का असर देखने को मिला। 5 जून को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम से पहले ही जिला प्रशासन और एनएच विभाग ने पहल करते हुए सड़क मरम्मत कार्य को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप मशीनों के माध्यम से प्रारंभ करा दिया है, जिसके बाद प्रस्तावित आंदोलन टल गया।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने हाल ही में एसडीएम राजपुर को ज्ञापन सौंपकर एनएच-343 में किए जा रहे पेंच रिपेयरिंग कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि सड़क की मरम्मत निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं की जा रही है और यदि सुधार नहीं हुआ तो 5 जून को नवकी मोड़ पर धरना-प्रदर्शन एवं सांकेतिक चक्का जाम किया जाएगा।

कांग्रेस की चेतावनी और जनदबाव के बाद प्रशासन एवं संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मरम्मत कार्य में सुधार कराया। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने शहर में चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं ठेकेदार से गुणवत्तापूर्ण और नियमानुसार कार्य सुनिश्चित करने की आग्रह की।

इस अवसर पर नीरज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सुनील सिंह, जिला महामंत्री जितेन्द्र गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष लालसाय मिंज, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम बिहारी यादव, झींगों मंडल अध्यक्ष सुनील भगत, कौशल चौबे, कोषाध्यक्ष रवि सोनी, सेवा दल अध्यक्ष संतोष सोनी,पंकज ठाकुर,आलोक सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!