अंबिकापुर/लुण्ड्रा। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत लुण्ड्रा विकासखंड में सरकारी स्कूलों के मरम्मत कार्यों में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। शासकीय प्राथमिक शाला कटाईपारा (ग्राम पंचायत जरहाडीह) का मामला सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां मरम्मत कार्य के नाम पर 2 लाख 39 हजार रुपये खर्च दिखाए गए, जबकि जमीनी हकीकत में काम 30 हजार रुपये से भी कम का बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में दस्तावेजों में भी कथित हेरफेर किया गया है। जिस स्कूल का वास्तविक स्थान ग्राम पंचायत जरहाडीह है, उसे कागजों में ग्राम पंचायत लमगांव दर्शाया गया है। इसे सुनियोजित कूट रचना मानते हुए पूरे मामले को संदिग्ध बताया जा रहा है।स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में नाम मात्र का मरम्मत कार्य हुआ है, जबकि कागजों में बड़ी राशि का भुगतान दिखाकर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया। आरोप यह भी है कि इस पूरे प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत रही है। मामले को उजागर करने वाले आरटीआई कार्यकर्ता डी.के. सोनी ने इसे स्पष्ट रूप से भ्रष्टाचार का मामला बताते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की बात कही है।

अन्य स्कूलों में भी गड़बड़ी के आरोप

लुण्ड्रा ब्लॉक के कई अन्य स्कूलों में भी इसी तरह की अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इनमें प्रमुख रूप से प्राथमिक शाला डडहोली पारा – ₹2,27,851
प्राथमिक शाला डडहोली पारा (भेड़िया) – ₹2,30,000
असकला – ₹80,000
प्राथमिक शाला भेड़ीदाढ़ असकला – ₹1,49,000
माध्यमिक शाला डडहोली पारा – ₹3,01,617
प्राथमिक शाला सायर रई – ₹2,66,296
केजीबीवी लुण्ड्रा – ₹2,21,431
माध्यमिक शाला चिरंगा – ₹2,54,607
प्राथमिक शाला चिरंगा – ₹3,75,845
इन सभी कार्यों के अलावा लुण्ड्रा ब्लॉक के सभी कार्यों में भी लागत और वास्तविक काम के बीच अंतर होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे ब्लॉक में योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होती है या नहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!