Sanju Samson: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी टी20 श्रृंखला के बीच एक अहम फैसला लिया है। उन्होंने केरल क्रिकेट लीग (केसीएल) 2026 में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने निजी कारणों से इस घरेलू टी20 लीग से दूरी बनाने का फैसला किया है।

नीलामी में शामिल होने से भी किया इनकार

केरल क्रिकेट लीग के आगामी सत्र के लिए कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने पहले ही संजू सैमसन को अपनी रिटेंशन सूची में जगह नहीं दी थी। इसके बाद जारी 156 खिलाड़ियों की नीलामी सूची में भी उनका नाम शामिल नहीं किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, संजू ने स्वयं नीलामी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनने की इच्छा जताई थी।

गौरतलब है कि पिछले सत्र में कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने उन्हें 6.80 लाख रुपये में खरीदा था। उस समय वह केरल क्रिकेट लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।

अधिकारियों ने भी की पुष्टि

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरल क्रिकेट लीग की संचालन परिषद के अध्यक्ष नजर माचान ने बताया कि संजू सैमसन ने पहले ही लीग प्रबंधन और कोच्चि ब्लू टाइगर्स को अपने निर्णय की जानकारी दे दी थी। इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज करने का फैसला लिया।

20 अगस्त से शुरू होगा नया सत्र

जानकारी के अनुसार, केरल क्रिकेट लीग के तीसरे सत्र की शुरुआत 20 अगस्त से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा। पिछले संस्करण में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ पांच पारियों में 368 रन बनाए थे और अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान आकर्षित किया था।

हालिया फॉर्म रही निराशाजनक

पिछले कुछ समय से संजू सैमसन बल्ले से संघर्ष करते नजर आए हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए हालिया तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में वह केवल छह रन ही बना सके। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे और तीसरे टी20 मैच की अंतिम एकादश से बाहर रखा गया था। अब उनके इस फैसले के बाद क्रिकेट प्रशंसकों की नजर उनकी वापसी और आगामी मुकाबलों में प्रदर्शन पर रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!