दुर्ग। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश युवक ने धारदार हथियार के बल पर दंपती को धमकाया और महिला के गले से सोने का नेकलेस लूटकर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घर में अकेले बुजुर्गों को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, नेवई थाना क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स निवासी वी. कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे। इसी दौरान घर में काम करने वाली महिला ने उन्हें फोन कर बताया कि एक अज्ञात युवक घर में घुस आया है और उनके बुजुर्ग सास-ससुर को धमका रहा है।

चाकू की नोक पर लूटा नेकलेस

जांच में पता चला कि आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढंक रखा था। घर में घुसते ही उसने बुजुर्ग दंपती को धारदार हथियार दिखाकर सोने-चांदी के गहने और नकदी की मांग की। विरोध होने पर उसने महिला के गले से सोने का नेकलेस छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज बनी सबसे बड़ा सुराग

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने उसे 24 घंटे के भीतर दबोच लिया।

मध्य प्रदेश का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय विभान्शु महोबिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के मंडला जिले का निवासी है और भिलाई नगर थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में किराये के मकान में रह रहा था।

बाइक, हथियार और कपड़े बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, धारदार हथियार और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!