सूरजपुर: कलेक्टर  रेना जमील की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अलावा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा करते हुए रात्रि गश्त करने, पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था करने और पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर  रेना जमील ने जिले के सभी दुर्घटना संभावित एवं चिन्हित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे स्थानों पर आवश्यकतानुसार साइनेज बोर्ड, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, रोड मार्किंग सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने परिवहन विभाग को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित एवं सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा ओवरलोडेड वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने तथा आपसी समन्वय के साथ दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

बैठक में केतका रोड पर लगने वाले सब्जी बाजार के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात बाधाओं पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने आमजन एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केतका रोड स्थित सब्जी बाजार को बड़कापारा बाजार में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बड़कापारा बाजार में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि वहां व्यवस्थित रूप से बाजार संचालित हो सके और केतका रोड पर यातायात निर्बाध रूप से संचालित होने के साथ दुर्घटनाओं की संभावना भी कम हो।इसके अलावा अस्पतालों और होटलों में फायर सेफ्टी फंक्शनल है या नहीं उसका निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में असमाजिक तत्वों के गतिविधियों पर नजर रखने और आगामी सावन माह और काँवर यात्रा को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, जिले के समसत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन अभियंता, जिला आबकारी अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), तहसीलदार, यातायात विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!