

बलरामपुर: जिले में उर्वरकों के अवैध परिवहन, विक्रय और भण्डारण पर अंकुश लगाने हेतु कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम रघुनाथनगर में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किए जा रहे 60 बोरी (3 मीट्रिक टन) डीएपी खाद के साथ एक पिकअप वाहन को जब्त किया है।कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी एवं उनकी टीम ने ग्राम रघुनाथनगर में एक पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 64 टी 3538 का जांच किया। जांच में उक्त पिकअप वाहन में 60 बोरी डीएपी खाद पाया गया। जिस पर चालक अशोक कुमार द्वारा खाद के परिवहन से संबंधित कोई भी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से खाद का परिवहन किए जाने की पुष्टि होने पर, रघुनाथनगर थाना प्रभारी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएपी खाद से भरे पिकअप को जब्त किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी धीरेंद्र तिवारी, उर्वरक निरीक्षण भूपेश गुप्ता, वरिष्ठ विकास अधिकारी, आरएईओ मौजूद रहे।











