

अंबिकापुर: सरगुजा जिले की मणीपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और पीड़िता से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने रायपुर के पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल 2026 से 3 जुलाई 2026 के बीच बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम छाछी निवासी परमेश्वर साहू ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे 6 लाख 50 हजार रुपये भी ले लिए। बाद में शादी से मुकर जाने पर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली।शिकायत के आधार पर पुरानी बस्ती थाना रायपुर में प्रारंभिक अपराध दर्ज कर प्रकरण की डायरी अग्रिम विवेचना के लिए मणीपुर थाना, अंबिकापुर भेजी गई। यहां अपराध क्रमांक 137/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 एवं 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और आरोपी की तलाश तेज कर दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी परमेश्वर साहू (29 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी तथा थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










