
रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने बिना टिकट और नियमों के विपरीत यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया. 20 अगस्त को बिलासपुर स्टेशन समेत चांपा-बिलासपुर-भाटापारा सेक्शन में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान 26 ट्रेनों की जांच की गई और 385 मामलों में कुल 3 लाख 17 हजार 410 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
बिना टिकट यात्रा के सबसे ज्यादा मामले सामने आए
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टिकट जांच कर्मचारियों की टीम शामिल रही.
जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 285 मामले पकड़े गए. इन यात्रियों से 2 लाख 59 हजार 800 रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं, अनियमित टिकट के 77 मामलों में 55 हजार 105 रुपये और बिना बुक किए सामान ले जाने के 23 मामलों में 2 हजार 505 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
रेलवे का यह अभियान यात्रियों को नियमों के अनुसार यात्रा करने के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है.
इन एक्सप्रेस ट्रेनों में लगेंगे आधुनिक LHB कोच
रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव की तैयारी की है. पोरबंदर-शालीमार और पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस को अब चरणबद्ध तरीके से पारंपरिक कोच की जगह आधुनिक LHB कोच से संचालित किया जाएगा. इससे यात्रियों को सुरक्षा के साथ बेहतर आराम और यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है.
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 12905 पोरबंदर-शालीमार एक्सप्रेस में 21 अक्टूबर 2026 से LHB कोच लगाए जाएंगे. इसके बाद 12906 शालीमार-पोरबंदर एक्सप्रेस 23 अक्टूबर से नए कोच के साथ चलेगी.
इसी क्रम में 12949 पोरबंदर-सांतरागाछी एक्सप्रेस में 23 अक्टूबर 2026 से और 12950 सांतरागाछी-पोरबंदर एक्सप्रेस में 25 अक्टूबर 2026 से LHB कोच उपलब्ध होंगे.
यात्रियों को मिलेगी ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक यात्रा
LHB कोच आधुनिक तकनीक पर आधारित होते हैं और इन्हें पारंपरिक कोच की तुलना में यात्रियों की सुरक्षा तथा यात्रा सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इन ट्रेनों में नए कोच लगने के बाद यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.




















