खंडवा। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की जेन-जी साइकिल यात्रा चर्चा में है। युवाओं से जुड़ने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही इस यात्रा के बीच प्रदेश के धर्मस्व एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

जीतू पटवारी के नेतृत्व पर उठाए सवाल

खंडवा पहुंचे मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी से जब जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा और युवाओं के बीच कांग्रेस की सक्रियता को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इस अभियान से कांग्रेस को कोई बड़ा राजनीतिक लाभ मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि जो नेता स्वयं विधानसभा चुनाव में 30 से 35 हजार वोटों के अंतर से हार चुका हो, उसके नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ पाएगी, इस पर उन्हें भरोसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जीतू पटवारी का राजनीतिक भविष्य मजबूत नहीं दिखता और वह कांग्रेस को नई दिशा देने में सफल नहीं होंगे।

जेन-जी अभियान को लेकर तेज हुई बयानबाजी

कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही जेन-जी साइकिल यात्रा को पार्टी युवाओं से जुड़ने की रणनीति का हिस्सा बता रही है। इस यात्रा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं। हालांकि सत्तापक्ष लगातार इस अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठा रहा है।

लखन पटेल के विभाग में बदलाव पर क्या बोले मंत्री?

राज्य मंत्री लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस लेकर मुख्यमंत्री द्वारा अपने पास रखने के फैसले पर भी धर्मेंद्र सिंह लोधी से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस फैसले की जानकारी नहीं है। साथ ही उन्होंने इस विषय पर संगठन और संबंधित स्तर से जानकारी लेने की बात कहते हुए कोई विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!