

सूरजपुर: कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विगत दिवस विभिन्न राजस्व अधिकारियों द्वारा ग्राम सभाओं में उपस्थित होकर स्व-गणना एवं 1 से 30 मई तक प्रस्तावित मकान सूचीकरण कार्य के संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
तहसील ओड़गी के ग्राम पंचायत कालामंजन में आयोजित ग्राम सभा में राजस्व अधिकारियों ने स्व-गणना एवं मकान सूचीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया। इस दौरान ग्राम सरपंच एवं उपस्थित ग्रामीणों को जनजागरूकता हेतु पाम्पलेट भी वितरित किए गए।अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रतापपुर द्वारा ग्राम पंचायत खोरमा एवं लोलकी में आयोजित ग्राम सभाओं में जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं। उन्होंने स्व-गणना की प्रक्रिया, प्रगणकों द्वारा की जाने वाली गणना की तिथियों तथा जनगणना के अंतर्गत एकत्रित की जाने वाली जानकारी की गोपनीयता के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से बताया।
इसी प्रकार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सूरजपुर द्वारा ग्राम पंचायत केशवपुर में आयोजित ग्राम सभा में जनगणना संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जनगणना में संकलित सभी जानकारियाँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु किया जाता है।जनपद पंचायत रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत सरईपारा में आयोजित ग्राम सभा के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अजय मोरियम ने ग्रामीणों को स्व-गणना की प्रक्रिया, प्रगणकों द्वारा किए जाने वाले सर्वेक्षण की निर्धारित तिथि एवं जनगणना के दौरान एकत्रित जानकारी की गोपनीयता के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।
































