बलरामपुर: शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) हेतु ऑनलाइन आवेदन, नवीनीकरण एवं स्वीकृति की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।

छात्रवृत्ति पोर्टल पर नवीनीकरण के आवेदन 20 जून 2026 से तथा नवीन आवेदन 01 अगस्त 2026 से प्रारंभ होंगे। नवीनीकरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि चरणबद्ध रूप से 30 जून, 30 सितंबर, 30 नवंबर एवं 30 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसी प्रकार नवीन आवेदनों के लिए अंतिम तिथि 30 अगस्त, 30 सितम्बर, 30 नवम्बर, 30 दिसम्बर 2026 निर्धारित है। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं स्वीकृति संस्थाओं तथा जिला स्तर पर निर्धारित समय-सीमा में की जाएगी, जबकि छात्रवृत्ति का संभावित वितरण क्रमशः 18 जुलाई, 18 सितम्बर, 18 अक्टूबर, 18 दिसंबर 2026 तथा 18 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने बताया कि आवेदन की संपूर्ण प्रक्रिया http://postmatric-scholarship.cg.nic.in पोर्टल पर ऑनलाइन की जाएगी। विद्यार्थियों को आवेदन करते समय आधार से लिंक सक्रिय बैंक खाता एवं आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखना होगा, क्योंकि छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस के माध्यम से सीधे बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए पालक की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए 1.00 लाख रुपये निर्धारित है। साथ ही वर्ष 2026-27 में पात्र विद्यार्थियों के लिए एनएसपी पोर्टल पर One Time Registration प्राप्त करना तथा नवीन संस्थाओं के संस्था प्रमुख एवं छात्रवृत्ति प्रभारी का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण भी अनिवार्य किया गया है।जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों एवं शिक्षण संस्थाओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!