
अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के विशेष अभियान में कुल 88 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 69 स्थाई वारंटी और 19 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को न्यायालय द्वारा जारी स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। निर्देश के पालन में पुलिस टीमों ने सुबह-सुबह वारंटियों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी धरपकड़ की।अभियान के दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने सर्वाधिक 30 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया। वहीं थाना गांधीनगर पुलिस ने 14 स्थाई एवं एक गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 15 वारंटियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, थाना मणिपुर ने 8, सीतापुर ने 4, बतौली ने 3, दरिमा ने 2, लखनपुर ने 4, उदयपुर ने 5, धौरपुर ने 11, लुंड्रा ने 3 और कमलेश्वरपुर ने 3 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इस तरह जिलेभर में कुल 88 वारंटियों की गिरफ्तारी की गई।
14 साल पुराने मारपीट के मामले में भी गिरफ्तारी
इस अभियान के दौरान पुलिस ने पुराने मामलों में फरार चल रहे वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। थाना लखनपुर क्षेत्र में मारपीट के करीब 14 वर्ष पुराने प्रकरण में न्यायालय द्वारा जारी स्थाई वारंट के आधार पर एक वारंटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में न्यायालय द्वारा जारी स्थाई वारंट के आधार पर राजेश उर्फ भैरा, निवासी कोट बासपारा, सीतापुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामिली के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।











