
रायपुर। इंदौर में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कार्यक्रम में स्टैंडअप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के बोलने के अंदाज और सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनके संवाद की शैली की नकल की थी। इस घटना के बाद भाजपा नेताओं की ओर से कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा जा रहा है।इसी विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में इंदौर के कार्यक्रम या राहुल गांधी का सीधे तौर पर कोई उल्लेख नहीं किया।
CM साय ने पोस्ट में क्या कहा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स पर मां के सम्मान को केंद्र में रखते हुए कविता की पंक्तियां साझा कीं। उन्होंने लिखा कि 'मां है ममता, मां है करुणा, मां जीवन का आधार है। मां के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है। मां का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा, मां का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा।'मुख्यमंत्री की इस पोस्ट को इंदौर में हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, साय ने अपने संदेश में किसी नेता या कार्यक्रम का नाम लेकर अपनी बात स्पष्ट नहीं की है।
क्या हुआ था इंदौर के कार्यक्रम में
19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान कॉमेडियन पुलकित मणि ने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री प्रस्तुत की। रिपोर्टों के मुताबिक, इस एक्ट में प्रधानमंत्री के बोलने के अंदाज, विदेशी नेताओं के साथ संवाद और उनके कुछ चर्चित सार्वजनिक प्रसंगों की नकल शामिल थी।मिमिक्री के दौरान प्रधानमंत्री की मां से जुड़े संदर्भ को लेकर भी राजनीतिक विवाद सामने आया। भाजपा नेताओं ने इस हिस्से को लेकर आपत्ति जताई, जबकि कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम को छात्रों और युवाओं के मुद्दों से जुड़ा संवाद बताया गया है। इस पूरे प्रकरण के बाद भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
BJP नेताओं ने जताई आपत्ति
मिमिक्री के मामले में भाजपा नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी की आलोचना की और इसे शर्मनाक तथा अशोभनीय बताया। वहीं, विवाद बढ़ने के बाद भाजपा के अन्य नेताओं ने भी प्रधानमंत्री और उनकी मां से जुड़े संदर्भ को लेकर सवाल उठाए हैं।इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मां के सम्मान को लेकर की गई पोस्ट ने इस राजनीतिक विवाद में छत्तीसगढ़ का भी संदर्भ जोड़ दिया है। हालांकि, उनके संदेश में इंदौर के कार्यक्रम का प्रत्यक्ष उल्लेख नहीं है।




















