

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। मानसून के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित दुर्घटनाओं एवं जनहानि की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में बलरामपुर - रामानुजगंज जिले के पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में रविवार को थाना कोरंधा परिसर में क्षेत्र के ग्राम कोटवारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरसात के दौरान प्राकृतिक आपदाओं, आवागमन बाधित होने की स्थिति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपस्थित कोटवारों को बताया गया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर आ जाते हैं। वहीं पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त होने, सड़कों के कट जाने अथवा जलभराव के कारण कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट सकता है। ऐसी परिस्थितियों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना को रोकने के लिए कोटवार अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल थाना कोरंधा पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने निर्देशित किया कि यदि किसी स्थान पर पुल, पुलिया, सड़क या नदी-नाले के कारण आवागमन बाधित हो रहा हो, जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई हो अथवा ग्रामीणों के लिए किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न हो रहा हो तो इसकी जानकारी बिना विलंब पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक सुरक्षा एवं राहत संबंधी कदम उठाए जा सकें।
इसके अलावा गांव में घटित किसी भी महत्वपूर्ण घटना, विवाद, संदिग्ध गतिविधि अथवा अन्य कानून-व्यवस्था से संबंधित मामले की सूचना भी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी कोरंधा विमलेश सिंह ने कोटवारों से कहा कि वे ग्रामीणों को जोखिम वाले मार्गों, उफनते नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने के लिए जागरूक करें।
बैठक में पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने कहा कि ग्राम कोटवार शासन-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आपातकालीन परिस्थितियों में उनके द्वारा समय पर दी गई सूचना से संभावित दुर्घटनाओं एवं जनहानि को रोकने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
बैठक में ग्राम हंसपुर, धनेशपुर, जवाहरनगर, कोरंधा, सुरबेना एवं मदगुरी के कोटवार उपस्थित रहे। सभी को बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने, ग्रामीणों को जागरूक करने तथा पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए।











