

बलरामपुर। बलरामपुर जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को रक्षित केंद्र बलरामपुर के परेड ग्राउंड में साप्ताहिक जनरल परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर के निर्देशन एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ।
जनरल परेड के उपरांत पुलिस बल को किसी भी आकस्मिक स्थिति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी से निपटने के लिए फुल बलवा ड्रिल रिहर्सल कराई गई। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना-चौकी एवं मुख्यालय के पुलिस बल को शामिल कर बलवा नियंत्रण के दौरान की जाने वाली विभिन्न कार्यवाहियों का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों द्वारा टीमवार ब्रीफिंग देकर प्रत्येक प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मौके पर उसका प्रदर्शन भी कराया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस जवानों ने अनुशासन, उच्च स्तरीय टर्न आउट एवं मार्क ड्रिल का बेहतर प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच कर्मचारियों को उत्साहवर्धन हेतु उचित ईनाम से पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद किस्पोट्टा, रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन, निरीक्षक राजेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





















