जशपुर:  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली में एक घर की बाड़ी में अवैध रूप से उगाए गए 40 नग गांजा के पौधे जब्त किए गए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी विजय सिंह (58 वर्ष) निवासी खिखिर टोली को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के पास बाड़ी में गांजा की खेती कर रहा है और पौधों को छिपाने के लिए चारों ओर प्लास्टिक नेट और साड़ी से घेरा बनाया गया है। सूचना पर थाना लोदाम पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपी की बाड़ी में बड़े पैमाने पर गांजा के पौधे लगे मिले। गिनती करने पर कुल 40 पौधे पाए गए, जिनमें 18 बड़े और 22 छोटे पौधे शामिल थे। बड़े पौधों की ऊंचाई करीब 4 फीट 7 इंच तक थी। पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया। जब्त गांजा पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने गांजा उगाने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके खिलाफ थाना लोदाम में धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक बूटा सिंह, बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर एवं महिला आरक्षक प्रतिमा तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार नजर रख रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!