

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। थाना उदयपुर, बतौली और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए पांच वाहन चालकों को न्यायालय से दंडित कराया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक सुकुल रवि, स्कूटी चालक दुर्गेश मिंज, मोटरसाइकिल चालक कुदर साय, अपाचे बाइक चालक सुखसाय राजवाड़े तथा पिकअप चालक संतोष आनंद को पकड़ा गया। पुलिस ने सभी चालकों का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।इसके बाद संबंधित वाहनों को जब्त कर न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय ने सभी पांच अलग-अलग मामलों में प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस प्रकार कुल 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना उदयपुर एवं यातायात पुलिस की अहम भूमिका रही।





















