

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तोरवा थाना क्षेत्र के रेलवे परिसर स्थित तितली चौक के पास एक नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
राहगीरों ने देखा शव, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही तोरवा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच है। महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पहचान के लिए आसपास के थानों को भेजी गई तस्वीर
तोरवा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान के लिए उसकी तस्वीर जिले के सभी थाना क्षेत्रों के साथ आसपास के जिलों की पुलिस को भेजी गई है। इसके अलावा दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि महिला की पहचान जल्द से जल्द हो सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।











