

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले भर में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सीतापुर पुलिस ने 23 अप्रैल 2026 को रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर एनएच-43 प्रतापगढ़ सड़कपारा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोका।जांच के दौरान रेनॉल्ट किगर कार (क्रमांक CG 15 DV 7455) की तलाशी लेने पर वाहन में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कार से मेडॉफ व्हीस्की 48 नग और गोवा स्पेशल व्हीस्की 480 नग, कुल लगभग 95 लीटर शराब जब्त की, जिसकी कीमत करीब 65,280 रुपये बताई जा रही है।
वाहन चालक ने अपना नामसूरज गुप्ता (34 वर्ष), निवासी लुंड्रा, सरगुजा बताया। पूछताछ के दौरान वह शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सीतापुर में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अरुण दुबे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































