

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 18 जून 2026 को स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
यह महोत्सव नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 03, साप्ताहिक बाजार के पास स्थित ऑडिटोरियम भवन, बलरामपुर में प्रातः 11.00 बजे से अपराह्न 4.00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिला अग्रणी प्रबंधक के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का निराकरण, नए आवेदन स्वीकार करने तथा पात्र हितग्राहियों के ऋण स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही की जाएगी।स्वनिधि महोत्सव में संबंधित विभागों, बैंकों एवं अन्य संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें और योजना का लाभ शीघ्र मिल सके।
जिला प्रशासन ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी पात्र रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ व्यवसायियों सहित आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त करें तथा जिन हितग्राहियों के आवेदन लंबित हैं या जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।





















