Indian Captain Smit Machchhar:  दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई हिंसक घटना के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार चर्चा में हैं। उड़ान के दौरान उनके ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर उन पर चाकू से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिससे यात्रियों और क्रू को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। पीएम मोदी ने उन्हें हीरो बताते हुए कहा कि बेहद मुश्किल हालात और गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया।

PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार को बताया हीरो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्मित मच्छार ने अपनी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई और बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की।पीएम मोदी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। वहीं, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन मच्छार को असाधारण साहस दिखाने वाला सच्चा हीरो बताया। नेतन्याहू के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी मच्छार ने संघर्ष किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे।

क्या हुआ था फ्लाईदुबई की फ्लाइट में?

घटना 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई और ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया।हमले के दौरान विमान ने तेजी से ऊंचाई खोई और करीब 33 हजार फीट से लगभग 17 हजार फीट तक नीचे आ गया। इसके बाद स्थिति को संभाला गया और विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 174 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया।

घायल हालत में खोला कॉकपिट का दरवाजा

हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हार नहीं मानी। रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद कुछ यात्री और क्रू सदस्य अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू करने में मदद की।घटना के बाद सऊदी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। हमले के पीछे का मकसद अभी जांच का विषय है। फ्लाईदुबई ने भी मामले में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।

कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?

कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और उनका संबंध गुजरात से बताया गया है। फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने स्पाइसजेट में करीब 11 साल तक काम किया। जून 2022 में उन्होंने फ्लाईदुबई के साथ बतौर कैप्टन काम शुरू किया।उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मच्छार के पास बोइंग 737 विमानों को उड़ाने का लंबा अनुभव है। उनके प्रोफाइल में करीब 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव दर्ज है। स्पाइसजेट में वे सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

अभी कैसी है कैप्टन मच्छार की हालत?

हमले के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब के तबुक शहर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारतीय दूतावास के अनुसार उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी जा रही है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।फ्लाइट में हुई पूरी घटना की जांच जारी है। इस बीच कैप्टन मच्छार की सूझबूझ और यात्रियों तथा क्रू के साथ मिलकर स्थिति संभालने की भूमिका की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!