नई दिल्ली/गुजरात: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी किए जाने की जानकारी गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघानी ने दी है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान भिलड़ी में आयोजित होने वाले ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के बाद कृषि मंत्री जीतू वघानी ने यह जानकारी साझा की।

गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को लाभ

कृषि मंत्री के मुताबिक, गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को पीएम-किसान योजना के तहत 1,051 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत पात्र किसानों को आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है।

जून में जारी हुई थी 23वीं किस्त

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 जून को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी की थी। उस समय देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई थी।वहीं, योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को जारी की गई थी। उस दौरान प्रधानमंत्री असम के दौरे पर थे।

दो बायोगैस प्लांट की भी रखेंगे आधारशिला

गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनास डेयरी की ओर से थराद और राधनपुर में स्थापित किए जा रहे दो कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांटों की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं को लेकर कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं।

पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!