

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के ग्राम सेलरा में भूमि मापी के दौरान एक पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तहसील के आदेश पर हल्का पटवारी सुबोध लकड़ा 2 जुलाई को ग्राम सेलरा में एक भूमि की पैमाइश करने पहुंचे थे। इसी दौरान पड़ोसी भूमि मालिक ने मापी का विरोध करते हुए पटवारी से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने पटवारी के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट कर दी।मारपीट के कारण भूमि की पैमाइश का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा और पटवारी मौके से वापस लौट आए। इसके बाद उन्होंने लखनपुर थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर लखनपुर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजस्व विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे मैदानी अमले की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।











