रायगढ़: रायगढ़ पुलिस के 'ऑपरेशन आघात' के तहत अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बुधवार सुबह स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 69 पाव अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 9,040 रुपये बताई गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक स्कूटी में अवैध शराब लेकर घरघोड़ा बाईपास से टेरम की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग स्थित बंगाली ढाबा के पास घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक CG 13 BA 9789 को रोक लिया।तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखे प्लास्टिक बोरे से 50 पाव जिप्सी फाइन व्हिस्की और 19 पाव Mad Off अंग्रेजी शराब सहित कुल 69 पाव शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुनता बिरहोर (23 वर्ष) निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में बताई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली।

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शुभम मिश्रा तथा आरक्षक मनोज कुमार जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ 'ऑपरेशन आघात' के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!