

बलरामपुर/राजपुर। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व सम्मान को समर्पित एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला महामंत्री संजय सिंह, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शशिकला भगत, उपखंड शिक्षा अधिकारी जे.आर. नागदेव, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगवंशी यादव तथा ग्राम पंचायत कर्रा की सरपंच जयंती सरकार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।यह आयोजन कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव और जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
पौधरोपण के बाद मुख्य अतिथि संजय सिंह ने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति, मातृभूमि और माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अनूठा प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने कहा कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माँ के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रेरणादायी माध्यम भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।











