अंबिकापुर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। योग कार्यक्रम के लिए मैदान में लगाए गए डोम में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोप लगाने वालों को पहले वास्तविकता की जानकारी लेनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जो लोग सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने कार्यकाल की समीक्षा करनी चाहिए।उन्होंने कहा, "आरोप लगाने वाले पहले अपने गिरेबान में झांकें। कांग्रेस ने अपने पांच साल के शासनकाल में हर क्षेत्र में घोटाले किए हैं।"

मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि कांग्रेस के कई नेता विभिन्न मामलों में जेल में हैं, कई जमानत पर बाहर हैं और कई अन्य नेताओं पर भी कार्रवाई की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में उनकी सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास भी किया गया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!