

बलरामपुर। लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बलरामपुर एवं स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला, निबंध लेखन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना था।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में क्रमशः इरम (प्रथम), रोशनी सिंह (द्वितीय) एवं पूर्णिमा सिंह (तृतीय) स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में चाहत गुप्ता (प्रथम), काजल गुप्ता (द्वितीय) तथा धनंजय कुशवाहा एवं लकी राम ईश्वर (संयुक्त तृतीय) स्थान पर रहे। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में माही सोनी (प्रथम), कंचन (द्वितीय) एवं रोशन तारा (तृतीय) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल को "आयरन मैन ऑफ इंडिया" के नाम से जाना जाता है, जिन्होंने देश की अनेक रियासतों का विलय कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने, परीक्षा की वैज्ञानिक एवं योजनाबद्ध तैयारी, प्रेजेंस ऑफ माइंड विकसित करने तथा कठिन परिश्रम एवं अनुशासन के महत्व के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभाव, शिक्षा के महत्व, बालिका एवं महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक से विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे। काजल गुप्ता ने 12वीं की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को संतुलित करने के संबंध में प्रश्न किया, जिसका पुलिस अधीक्षक ने व्यावहारिक एवं प्रेरणादायी उत्तर दिया। वहीं 11 वी कशा की क्षात्रा नंदिनी मेहता ने विज्ञान संकाय के साथ CLAT (लॉ मे प्रवेश एवं अध्ययन) सिविल सेवा की तैयारी के संबंध में प्रश्न किया। इस पर श्री बैंकर ने बताया कि वे स्वयं इंजीनियरिंग की पृष्ठभूमि से हैं, किंतु इतिहास विषय के माध्यम से सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयनित हुए।

कार्यक्रम में यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सुरक्षित यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने पीएम राहत योजना, राजवीर योजना तथा जिले के सभी 10 थानों में संचालित डायल-112 सेवा के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आपातकालीन स्थिति में 112 डायल कर तत्काल पुलिस सहायता के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन सेवा भी प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.), कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य भलेरिया एक्का, उपप्राचार्य सुनील कुमार एक्का, रामप्रवेश कश्यप, हेमंत कुजूर, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन, प्रशिक्षु सूबेदार ज्योति साहू, विद्यालय के शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं 500 से अधिक की संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।











