

बलरामपुर: शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अपर कलेक्टर आर.एस.लाल की उपस्थिति में ई-ऑफिस संचालन संबंधी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन, ई-फाइलों के निष्पादन तथा ऑनलाइन कार्यालयीन कार्यों की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपर कलेक्टर आर.एस. लाल ने कहा कि शासन द्वारा सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस के माध्यम से समस्त फाइलों का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि ई-ऑफिस प्रणाली से कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता बढ़ती है, फाइलों के निस्तारण में तेजी आती है तथा कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनती है।प्रशिक्षण सत्र में ई-चिप्स के देवेश्वर कश्यप ने ई-ऑफिस संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस के विभिन्न मॉड्यूल का प्रदर्शन करते हुए ई-फाइल निर्माण, दस्तावेजों के डिजिटल संधारण एवं ऑनलाइन अनुमोदन की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। इस दौरान अधिकारी-कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें नियमित रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से कार्यों का संपादन करने को कहा गया।











