रायपुर: छत्तीसगढ़ के शासकीय और निजी मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों MBBS और BDS में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य भवन, नवा रायपुर की ओर से वर्ष 2026 प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।मेडिकल शिक्षा विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा और भौतिक चिकित्सा स्नातक प्रवेश नियम 2025 को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी है।

आरक्षण और प्रवेश प्रक्रिया समझने के बाद करें आवेदन

विभाग ने बताया कि अभ्यर्थियों को विशेष रूप से आरक्षण नियम, काउंसिलिंग प्रक्रिया और बॉन्ड से जुड़े प्रावधानों की पूरी जानकारी हासिल करने के बाद ही आवेदन करना चाहिए।

प्रवेश नियमावली वेबसाइट www.cgdme.in और https://cgdme.admissions.nic.in पर उपलब्ध कराई गई है, जहां से उम्मीदवार सभी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय

NEET UG 2026 प्रथम चरण काउंसिलिंग के लिए आवेदन शुल्क अलग अलग वर्गों के लिए निर्धारित किया गया है।

  • अनारक्षित UR और अन्य पिछड़ा वर्ग OBC उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये रखा गया है।
  • अनुसूचित जाति SC और अनुसूचित जनजाति ST वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क देना होगा।
  • अप्रवासी भारतीय NRI उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
  • विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

9 अगस्त से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया, 16 अगस्त तक मिलेगा मौका

जारी सूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 16 अगस्त 2026 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक आवेदन कर सकेंगे।इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का चयन करने के लिए च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

17 अगस्त तक कर सकेंगे च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग

च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया भी 9 अगस्त 2026 सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी है, जो 17 अगस्त 2026 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक जारी रहेगी।अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।

सुरक्षा निधि और अन्य जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध

मेडिकल शिक्षा विभाग ने पंजीयन राशि यानी सुरक्षा निधि से जुड़ी जानकारी के लिए जारी सूचना के पेज नंबर 2 पर दी गई तालिका देखने को कहा है।विभाग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि आवेदन, काउंसिलिंग शेड्यूल और अन्य जरूरी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइटों का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!