
भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान मंगलवार को तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई। विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद उसकी जांच की गई, जिसमें उसे उड़ान के लिए अनुपयुक्त पाया गया। इसके बाद एयरलाइन ने विमान का संचालन रोकने का फैसला लिया। उड़ान रद्द होने से करीब 180 यात्रियों को परेशानी हुई। इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल थे, जिन्हें दिल्ली जाने के लिए दूसरी फ्लाइट से रवाना होना पड़ा।
हार्ड लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच
जानकारी के मुताबिक, भोपाल से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट मंगलवार शाम 4:30 बजे रवाना होने वाली थी। लेकिन हार्ड लैंडिंग के बाद विमान की निर्धारित प्रक्रिया के तहत तकनीकी जांच की गई।
ऐसी स्थिति में इंजीनियरिंग टीम विमान की स्थिति का बारीकी से आकलन करती है। जरूरी जांच पूरी होने और अनुमति मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की मंजूरी दी जाती है। जांच में विमान उड़ान के लिए उपयुक्त नही पाया गया, जिसके बाद फ्लाइट रद्द कर दी गई।
करीब 180 यात्रियों की यात्रा प्रभावित
अचानक उड़ान रद्द होने से एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी। एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। कुछ यात्रियों को टिकट का रिफंड दिया गया, जबकि अन्य को दूसरी उड़ानों के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई।
दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुए शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी इसी उड़ान से दिल्ली जाना था। विमान का संचालन रद्द होने के बाद उनकी यात्रा भी प्रभावित हुई। इसके बाद उन्हें दूसरी फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना होना पड़ा।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने की उड़ान रद्द होने की पुष्टि
राजा भोज एयरपोर्ट के डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने उड़ान रद्द होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण इसे उड़ान की अनुमति नही दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान का संचालन रोकने का निर्णय लिया गया।




















