रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। पहले ही दिन सदन के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष कई जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार भी अपने विधायी और प्रशासनिक एजेंडे के साथ सदन में उतरेगी।

तीजन बाई को श्रद्धांजलि से होगी कार्यवाही की शुरुआत

सत्र के पहले दिन की शुरुआत शोक प्रस्ताव से होगी। सदन में दिवंगत पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण सम्मान से सम्मानित तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री टंकराम वर्मा और केदार कश्यप सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे।

ध्यानाकर्षण प्रस्तावों में उठेंगे अहम विषय

पहले दिन दो महत्वपूर्ण ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी सदन में पेश किए जाएंगे। विधायक अजय चंद्राकर प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक वस्तुओं के संरक्षण का मुद्दा उठाएंगे। वहीं विधायक ब्यास कश्यप परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।

सदन के पटल पर रखे जाएंगे महत्वपूर्ण दस्तावेज

कार्यवाही के दौरान फरवरी और मार्च 2026 से संबंधित प्रश्नों के पूर्ण उत्तर, उस अवधि में सदन में प्रस्तुत सूचनाएं और अन्य आधिकारिक दस्तावेज पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा राज्यपाल की ओर से लौटाए गए विधेयकों तथा राष्ट्रपति और राज्यपाल से मंजूरी प्राप्त विधेयकों की जानकारी भी सदन के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।

सरकार पेश करेगी 8 विधेयक

मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार आठ नए विधेयक सदन में प्रस्तुत करेगी। वहीं विभिन्न जनहित और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर विधायकों ने कुल 1033 प्रश्न लगाए हैं, जिनका जवाब सरकार को देना होगा। ऐसे में सत्र के दौरान कई अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

नकटी गांव समेत कई मुद्दों पर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने

सत्र में नकटी गांव सहित प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों के गूंजने की उम्मीद है। सरकार की योजनाओं, नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष आक्रामक रुख अपना सकता है, जबकि सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियों और फैसलों का बचाव करेगा। ऐसे में पांच दिवसीय मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में तीखी बहस और राजनीतिक गर्माहट देखने को मिल सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!