नई दिल्ली:  दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज केरल के रास्ते देश में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जहां एक ओर कई राज्यों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ने से गर्मी का असर फिर तेज होने लगा है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4 जून को जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तेज आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। हल्की बारिश भी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने केरल, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 7 जून के बीच व्यापक वर्षा होने की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में भी बारिश के आसार हैं।

छत्तीसगढ़, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 4 जून को ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ सहित आसपास के क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, आगरा और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी और उमस बनी रह सकती है। हालांकि दोपहर बाद बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने से लोगों को राहत मिल सकती है।

राजधानी लखनऊ सहित कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, सीतापुर और हरदोई में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आने और गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!