जशपुर जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में हुई करीब 18 लाख 75 हजार रुपये  की मोबाइल चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक बालिग और तीन विधि से नाबालिग बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के 47 मोबाइल फोन, चोरी के 600 रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की यामाहा एमटी बाइक जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई की रात से 22 जुलाई की सुबह  के बीच बगीचा बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पीछे स्थित कैपिटल मोबाइल शॉप का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे 93 नए और पुराने मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइलों की अनुमानित कीमत1 8.75 लाख रुपये बताई गई। दुकान संचालक जैद अली की शिकायत पर थाना बगीचा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज0खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अभिषेक प्रजापति (19 वर्ष)0सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान चोरी किए गए 47 मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।

पुलिस ने तीनों नाबालिग बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है, जबकि बालिग आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश और शेष चोरी गए मोबाइलों की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले के सफल खुलासे में एएसआई अनिल कुमार कामरे, एएसआई नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बगीचा थाना पुलिस ने अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से काम करते हुए चंद घंटों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी और शेष चोरी गए मोबाइल फोन भी बरामद किए जाएंगे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!