

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को मध्यम वर्ग को भारत की वृद्धि का इंजन बताया। फ्रांस के प्रमुख आर्थिक मंच 'रेनकांट्रेस इकोनमिक्स डि एक्स-एन-प्रोवेंस' में एक पैनल चर्चा के दौरान सीतारमण ने कहा कि लगभग 500 शहर देश के अगले आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार हैं। आज भारत की जनसंख्या का 31 प्रतिशत मध्यम वर्ग है।
केंद्रीय वित्त मंत्री ने बताया कि जब से भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था खोली है, तब से मध्यम वर्ग की वृद्धि की वार्षिक दर 6.3 प्रतिशत है।आगे कहा कि हम मानते हैं कि भारत में 93 प्रतिशत सभी खर्च मध्यम वर्ग या थोड़े संपन्न उपभोक्ताओं के कारण होगा और यह मध्यम वर्ग हमारे महानगरों में केंद्रित नहीं है बल्कि ये टियर दो और टियर तीन शहरों में भी मौजूद हैं। इसलिए धन का वितरण स्वाभाविक रूप से महानगरों से परे शहरों में फैलता हुआ दिखाई देता है।










