बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले भर में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आमजनों को क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाते हुए कचरा प्रबंधन पर जागरूक किया जा रहा है।इसी क्रम में सभी ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक स्थलों, पंचायत भवनों एवं प्रमुख दीवारों पर आकर्षक संदेशों और दीवार लेखन के माध्यम से ग्रामीणों को ठोस कचरा प्रबंधन नियमों की जानकारी दी जा रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर लिखे गए संदेशों के जरिए लोगों को स्वच्छता अपनाने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

दीवार लेखन में कचरा प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। इनमें घर-घर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों के आसपास कचरा न फेंकने, कचरा जलाने पर रोक तथा स्वच्छता शुल्क के नियमित भुगतान जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गई हैं। पंचायत प्रतिनिधि एवं स्वच्छता दीदी भी घर-घर जाकर लोगों को कचरे के पृथक्करण एवं सुरक्षित निस्तारण के संबंध में जागरूक कर रहे हैं।

कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा है कि स्वच्छ और स्वस्थ गांव एवं जिला के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए जिले में ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जागरूकता गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि कचरे का पृथक्करण, उचित निपटान तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग एवं सामूहिक प्रयासों से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को कचरा मुक्त एवं स्वच्छ जिले के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!